मंदसौर। जिले के इंदिरा गांधी जिला अस्पताल की पैथोलॉजी लैब को नेशनल एक्रिडिटेशन बोर्ड फॉर टेस्टिंग एंड केलिब्रेशन लेबोरेट्रीज (NABL) की मान्यता प्राप्त हुई है। इस उपलब्धि के साथ अब मरीजों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप जांच सुविधाएं मिलेंगी। लैब में 106 प्रकार की पैथोलॉजी जांचें उपलब्ध होंगी और हर महीने 50,000 से अधिक जांचें की जा सकेंगी।
मरीजों को होगा सीधा लाभ
जिला चिकित्सालय मंदसौर के सिविल सर्जन डॉ. डी. के. शर्मा ने बताया कि NABL की मान्यता मिलने से जांच रिपोर्ट अधिक विश्वसनीय होगी। अब मरीजों को अन्य अस्पतालों में रिपोर्ट दोबारा कराने की आवश्यकता नहीं होगी, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में होगा सुधार
NABL मान्यता मिलने से रोगों की सटीक और त्वरित पहचान संभव होगी, जिससे मरीजों को समय पर सही इलाज मिल सकेगा। यह अस्पताल की विश्वसनीयता को भी बढ़ाएगा और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाएगा।
कलेक्टर के निर्देशन में सुविधाओं का विस्तार
कलेक्टर श्रीमती अदिति गर्ग के निर्देशन में जिला चिकित्सालय मंदसौर में निरंतर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में पैथोलॉजी लैब को NABL एक्रिडिटेशन प्राप्त हुआ है। इससे जिले के अधिक से अधिक मरीजों को लाभ मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।