क्रिश कोठारी ने संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में जीता प्रथम स्थान, करेंगे विक्रम विश्वविद्यालय का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिनिधित्व

Spread the love

मंदसौर। नगर के होनहार शतरंज खिलाड़ी क्रिश कोठारी ने रतलाम में आयोजित इंटर कॉलेज संभाग स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर मंदसौर का गौरव बढ़ाया है। इस जीत के साथ अब वह 18 से 20 अक्टूबर तक जबलपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में विक्रम विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

क्रिश कोठारी, जो कि पी.जी. कॉलेज मंदसौर के छात्र हैं, शतरंज के एक बेहतरीन खिलाड़ी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने इससे पहले जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भी जीत दर्ज की थी, जिसके आधार पर उनका चयन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ था। इस प्रतियोगिता में सात जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, और क्रिश ने अपनी उत्कृष्ट खेल भावना से सभी को पीछे छोड़ते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

क्रिश कोठारी के पिता विजय कोठारी जिला पेंचक सिलाट के अध्यक्ष और भारतीय सिंधू सभा युवा शाखा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। क्रिश अपनी सफलता के साथ नवोदित खिलाड़ियों को शतरंज का प्रशिक्षण भी देते हैं।

उनकी इस उपलब्धि पर पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. डी.सी. गुप्ता खेल अधिकारी राजू कुमार जिला खेल अधिकारी विजयेन्द्र देवड़ा सहित कई वरिष्ठ जनों और इष्ट मित्रों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

मंदसौर के इस होनहार खिलाड़ी ने अपनी प्रतिभा से न केवल जिले का नाम रोशन किया है, बल्कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विक्रम विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करने का गौरव भी हासिल किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *