उज्जैन। प्रदेश सरकार अपनी आय बढ़ाने के लिए आगामी बजट में नए कर लगा सकती है। वित्त मंत्री और उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने संकेत दिए हैं कि बजट घाटे की भरपाई के लिए राजस्व बढ़ाने के नए उपाय किए जाएंगे।
रविवार को उज्जैन में मीडिया से चर्चा के दौरान देवड़ा ने कहा कि बजट आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। खासतौर पर सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सिंहस्थ महापर्व का आयोजन सुव्यवस्थित ढंग से होगा और देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया जाएगा।
इसके अलावा, देवड़ा ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए इसे सर्वस्पर्शी बताया। उन्होंने आयकर छूट सीमा को 7 लाख से बढ़ाकर 12 लाख करने के निर्णय की प्रशंसा की और कृषि व शिक्षा क्षेत्र के प्रावधानों को भी महत्वपूर्ण बताया।
प्रदेश सरकार के आगामी बजट में नए करों की संभावनाओं को लेकर अब जनता की नजरें टिकी हुई हैं।