ग्वालियर। शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र के रतन कॉलोनी से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने मामूली विवाद में अपनी दो ननदों को अपने पालतू कुत्ते से कटवा दिया। घटना में दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हो गईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़िता बबीता चावला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बहन कमलेश चावला के साथ अपनी भाभी नेहा चावला के मकान की ऊपरी मंजिल पर रहती हैं। घटना उस समय हुई जब शाम के समय दोनों बहनें छत से नीचे आ रही थीं। इस दौरान भाभी नेहा ने सीढ़ियों पर पानी फैला दिया। जब बबीता और कमलेश ने इसका विरोध किया तो नेहा आगबबूला हो गई और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगी।
विवाद बढ़ते ही नेहा ने अपने पालतू कुत्ते की जंजीर खोल दी और उसे हमला करने का इशारा किया। कुत्ते ने तुरंत बबीता और कमलेश पर हमला कर दिया, जिससे बबीता की जांघ और कमलेश के गाल पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद दोनों बहनों ने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई। एएसपी निरंजन शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पानी फैलाने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद भाभी ने अपने पालतू कुत्ते से दोनों ननदों पर हमला करवाया। शिकायत के आधार पर भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।